National News

यूपी में मुख्यमंत्री सर्वे, राजनाथ सिंह को सबसे ज्यादा नंबर


लखनऊ-यूपी में विधानसभा चुनाव 2017 के लिए मतदान के तारीखों की घोषणा हो चुकी है और बीजेपी ने अभी तक अपने सीएम उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है क्योंकि बीजेपी यूपी में भी मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन बीजेपी के आंतरिक सर्वे में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद हैं। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को 22.5 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद किया है। वहीं 19.60 फीसदी के साथ लखनऊ के मेयर और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। बता दें कि बीजेपी ने अभी तक किसी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित नहीं किया है। इस मुद्दे पर लोगों से यह राय लेने के लिए सर्वे कराया है कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन हो सकता है। इसके लिए लोगों को सात विकल्प दिए गए। गौरतलब है कि प्रदेश के 27 जिलों में 81 विधान सभा सीटों पर कराए गए इस सर्वे में प्रमुख नेताओं के बारे में सक्षिप्त जानकारी दी गई और जनता से सवाल किए गए। इस सर्वे में लोगों ने अपनी पसंद और नापसंद की वजह भी बताई है। यह सर्वे नवंबर-दिसंबर में किया गया है।  बता दें कि यह सर्वेक्षण प्रदेश की जनता की राय, वर्तमान के साथ निकट भविष्य की स्थितियां, राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण, अतिसंवेदनशील जिलों को ध्यान में रखकर किया गया है। राजनाथ सिंह को जनता ने सबसे ज्यादा पसंद किया है लेकिन कुछ लोगों ने अपनी राय में यह भी कहा है कि वह गृह मंत्री हैं। देश की सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें अपने पद पर बने रहना चाहिए।

बीजेपी के आंतरिक सर्वे में सीएम पद के लिए लोगों की पसंदः

1. राजनाथ सिंह-22.50%

2. डॉ. दिनेश शर्मा-19.60%

3. उमा भारती-17%

4. महेश शर्मा-14.4%

5. योगी आदित्य नाथ-12.5%

6. कलराज मिश्र-12%

7. कोई भी- 2%

To Top