
Chamoli Tunnel Accident | CM Dhami | Rescue Operation : मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर भी बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने रेस्क्यू में जुटी टीमों से मौके की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
टनल में फंसे 3 लोगों की तलाश जारी
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की जानकारी थी। इनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है…जबकि 3 लोगों की तलाश अभी जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है।
बताया गया कि टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल करीब 3 किलोमीटर लंबी है। इसमें लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ है।
रेस्क्यू टीमों को दिए जरूरी निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने अभियान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने के निर्देश दिए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के इलाज के साथ-साथ प्रभावित परिवारों की मदद और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसपी सुरजीत सिंह पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






