Dehradun News

उत्तराखंड में 44 विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी भर्ती, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सुविधाएं

doctor
Ad

Uttarakhand Health Department | Subodh Uniyal | Specialist Doctors Recruitment | NHM Uttarakhand | Ayushman Bharat | Medical Colleges | Healthcare News | Uttarakhand News : उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में तय किया गया कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए 44 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी।

इन चिकित्सकों की नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से की जाएगी। उन्हें आकर्षक वेतनमान पर नियुक्त कर राज्य के विभिन्न अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत मेडिकल कॉलेजों में हृदय रोग, न्यूरो सर्जरी और किडनी रोग जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इन सेवाओं का भुगतान आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वहां न्यूरो सर्जरी से जुड़े आधुनिक उपकरण और उन्नत एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का भी फैसला किया गया। इसके अलावा हरिद्वार, अल्मोड़ा और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में पीपीपी मॉडल के तहत कैथ लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई…जिससे हृदय रोगियों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।

बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सेवानिवृत्त डॉक्टरों की संविदा पर नियुक्ति और मेडिकल कॉलेजों में तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती पर भी सहमति बनी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को उनके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top