Bollywood

बॉलीवुड को भा रहीं उत्तराखंड की वादियां, मसूरी-लंढौर में अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग जारी

Ad

Akshay Kumar | SVC60 Film | Mussoorie Film Shooting : उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। अभिनेता अक्षय कुमार और राशि खन्ना की प्रमुख भूमिकाओं वाली फिल्म SVC60 की शूटिंग मसूरी और लंढौर में की जा रही है। मशहूर निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS Ad

फिल्म का निर्माण दिल राजू के प्रोडक्शन हाउस श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स (SVC) के बैनर तले किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फिल्म की शूटिंग 10 से 20 अक्टूबर 2026 तक होनी है।

फिल्म के लिए मसूरी की मॉल रोड, लंढौर, चार दुकान क्षेत्र और ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट सहित होटल सवॉय जैसे प्रमुख स्थान चुने गए हैं। पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता, पुरानी इमारतों और औपनिवेशिक दौर की वास्तुकला से जुड़े ये स्थल फिल्म के दृश्यों को खास रूप देंगे।

उत्तराखंड सरकार राज्य को फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर जोर दे रही है। उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य में सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम के जरिए सात दिन के भीतर शूटिंग की अनुमति देने की व्यवस्था का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत देना और जरूरी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।

बड़े फिल्म प्रोजेक्ट से केवल पर्यटन स्थलों को पहचान ही नहीं मिलती….बल्कि स्थानीय कारोबार को भी फायदा पहुंचने की संभावना रहती है। शूटिंग के दौरान होटल, परिवहन, खान-पान और दूसरी सेवाओं की मांग बढ़ सकती है। साथ ही स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के लिए भी अवसर पैदा हो सकते हैं।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। SVC60 की शूटिंग से मसूरी और लंढौर के पर्यटन आकर्षण को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top