
Akshay Kumar | Uttarakhand Film Policy | Uttarakhand News : Cm Dhami : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। शनिवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में फिल्मों की शूटिंग, फिल्म नीति और प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में चल रही शूटिंग के बीच मुख्यमंत्री से उनकी यह मुलाकात हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा जगहों में अपनी पहचान बना रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और अलग-अलग तरह के भौगोलिक क्षेत्र फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत हो रही है।
सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के जरिए फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति और दूसरी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ज्यादा फिल्मों की शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसका फायदा पर्यटन, होटल, परिवहन और दूसरे स्थानीय कारोबारों को भी मिल रहा है।
राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को और बढ़ावा मिले और फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आएं। इसके लिए सरकार हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।



