Almora News

मानसखंड योजना में शामिल हुआ अल्मोड़ा का नंदा देवी मंदिर,डेढ़ करोड़ की धनराशि जारी

Ad

Almora Nanda Devi Temple to be renewed under Manaskhand Yojna:- उत्तराखंड में संचालित मानसखंड मंदिर योजना के तहत सरकार द्वारा उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कई प्रसिद्ध मंदिरों का कायाकल्प करवाया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला के तहत देवभूमि के विभिन्न मंदिरों में सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए अल्मोड़ा जिले के भी अनेक मंदिरों को चिन्हित किया गया था। इन मंदिरों की सूची में अब अल्मोड़ा के ऐतिहासिक व धार्मिक मां नंदा देवी मंदिर को भी शासन द्वारा शामिल कर लिया गया है। इसके लिए सरकार की तरफ से पहली किश्त के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गये हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

कुमाऊं की आराध्य है मां नंदा देवी

मां नंदा देवी उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं की पूज्यनीय व लोकप्रिय देवी मानी जाती हैं। इन्हें मां पार्वती का ही स्वरूप माना जाता है। इस कारण अल्मोड़ा के प्राचीन नंदा देवी मंदिर में देशभर से लोग दर्शन को पहुंचते हैं। ये मंदिर धार्मिक पर्यटन के नजरिए से भी काफी महत्वपूर्ण जगह रही हैं। इस ही कारण उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक नगरी अल्मोड़ा में स्थित मां नंदा देवी के इस मंदिर में मानसखंड योजना के तहत अब सरकार द्वारा सौंदर्यीकरण कार्य करवाए जाएंगे। विभागीय प्रक्रियाओं के बाद जल्द ही यहां निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

बताते चलें कि शासन द्वारा इसके सौंदर्यीकरण के लिए करीब चार करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए थे। मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना के तहत इसमें पहली किश्त के रूप में करीब डेढ़ करोड़ रुपये अभी रिलीज कर दिए गए हैं। जल्द ही मंदिर में विभिन्न सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करवाए जाएंगे। सरकार द्वारा लाइटिंग, नए गेट का निर्माण समेत मंदिर को पुराने स्वरूप में लौटाने का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग को सौंपी जिम्मेदारी

नंदा देवी मंदिर के लिए उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग को निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य का जिम्मा सौंप दिया गया है। जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी ने बताया कि धनराशि अवमुक्त होने के बाद विभागीय प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही इस मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण के कार्य के दौरान यहां श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top