Pithoragarh News

पंचायत चुनाव ड्यूटी पर निकला कर्मचारी…खड़ी चढ़ाई पर टूट गयी सांसें!

Manish Pant
Ad

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में पंचायत चुनाव ड्यूटी निभाना कुछ कर्मचारियों के लिए जानलेवा साबित हुआ है। मुनस्यारी विकासखंड में एक पोलिंग बूथ तक जाने के लिए चार किलोमीटर की खड़ी पहाड़ी चढ़ाई पार करते वक्त एक मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं एक दूसरे बूथ पर जा रहे पीठासीन अधिकारी भी फिसलकर घायल हो गए।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह मुनस्यारी के पोलिंग बूथों के लिए 60 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई थीं। सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक 44 वर्षीय मनीष पंत अपनी टीम के साथ प्राथमिक विद्यालय गोल्फा में बने बूथ के लिए निकले थे। सड़क मार्ग से सफर तय करने के बाद चार किलोमीटर लंबी पहाड़ी चढ़ाई पर चढ़ते हुए अचानक मनीष पंत के सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ ही देर में हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और उनके शव को मुख्यालय लाया गया। उनकी जगह दूसरे कर्मी को भेजा गया ताकि मतदान कार्य प्रभावित न हो।

इधर, भैंसकोट बूथ पर ड्यूटी के लिए जा रहे पीठासीन अधिकारी गौरव कुमार चामी भी रास्ते की बदहाली का शिकार हो गए। बूथ से कुछ ही दूरी पर फिसलने से उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें रेस्क्यू कर नाचनी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी जगह भी तुरंत दूसरे अधिकारी को भेजा गया।

लगातार बारिश से सीमांत इलाके में सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह रास्ते बंद हैं और कई मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, बावजूद इसके मतदान कर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
आरओ दिगंबर आर्या ने बताया कि एक मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत हुई है, जबकि दूसरे अधिकारी का पैर फ्रैक्चर हुआ है। दोनों मतदान केंद्रों पर नई व्यवस्था कर दी गई है ताकि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित न हो।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top