
AnkitaBhandariCase : LIUInspectorSuspended : UttarakhandNews : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठे विवाद के बीच पौड़ी गढ़वाल में तैनात एलआईयू के एक इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। अंकिता के माता-पिता के दिल्ली पहुंचने और वहां प्रदर्शन करने की जानकारी समय पर नहीं मिल पाने को इस कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है।

दरअसल अंकिता भंडारी के माता-पिता हाल ही में दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने इंडिया गेट के पास कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय खुफिया इकाई को पहले से नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस विभाग में इस चूक को लेकर सवाल उठे और अब संबंधित एलआईयू इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की गई है।
अंकिता के माता-पिता के दिल्ली पहुंचकर धरने पर बैठने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। उनके समर्थन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और अलका लांबा समेत कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी पहुंचे थे।
दिल्ली में हुए इस घटनाक्रम के बाद उत्तराखंड में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठाई जा रही है। कांग्रेस की ओर से कैंडल मार्च सहित अन्य कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।
अंकिता के माता-पिता के दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दिल्ली गए थे। इस दौरान प्रशासन और खुफिया विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हुए। अब इस मामले में पौड़ी गढ़वाल के एलआईयू इंस्पेक्टर को निलंबित किए जाने की पुष्टि उत्तराखंड के डीजी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार ने की है।



