
Ankita Bhandari Case : CBI Investigation : Vinod Arya : अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य को लेकर विवाद तेज हो गया है। अंकिता के माता-पिता ने अब विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने और उनकी कॉल डिटेल की जांच करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सीबीआई जांच के दौरान इन पहलुओं को भी शामिल किया जाना चाहिए। मांग पूरी नहीं होने तक उन्होंने अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है।

अंकिता के पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या के बाद उन्होंने सबसे पहले विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की थी…लेकिन उस समय उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका दावा है कि घटना के बाद विनोद आर्य अपने बेटे पुलकित आर्य को बचाने के लिए लगातार दिल्ली जा रहे थे।
पिता ने कहा कि हाल ही में विनोद आर्य ने उनकी बेटी को लेकर जो बातें कही हैं, उससे परिवार आहत है। अब वे चाहते हैं कि विनोद आर्य की भूमिका और उनसे जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो। इसी वजह से उन्होंने नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल की जांच की मांग दोहराई है।
दरअसल दो दिन पहले विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उनके वकील अमित पुंडीर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कुछ कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं।
विनोद आर्य ने दावा किया था कि इन चैट में उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम कहीं नहीं है। उन्होंने मामले में किसी वीआईपी की भूमिका होने की बात को भी खारिज किया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद आर्य ने अंकिता के माता-पिता पर ही अपनी बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उनके इन बयानों के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। अंकिता के माता-पिता और कांग्रेस ने भी इन दावों पर आपत्ति जताई है।
देहरादून में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन का सातवां राज्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल हुईं। अंकिता के माता-पिता भी कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने विनोद आर्य के खिलाफ अपनी मांगें दोहराईं।
अंकिता के माता-पिता का कहना है कि जब तक विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल की जांच की मांग पर कार्रवाई नहीं होती….उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल यह मामला सीबीआई जांच के बीच एक बार फिर सुर्खियों में है।





