Udham Singh Nagar News

रक्षाबंधन पर मिठाई खाने से पहले सावधान! उत्तराखंड में यहां गंदे टीनों में मिले कीड़े वाले रसगुल्ले

Ad

Bajpur News | Food Safety | Adulterated Sweets : रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य विभाग और प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में कई मिठाई की दुकानों और एक निर्माण स्थल पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान टीम को मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किया गया नकली मावा और उससे बनी मिठाइयां मिलीं। कुछ स्थानों पर मिठाइयां बेहद गंदे माहौल में रखी हुई भी मिलीं।

50 किलो खराब खोया और मिठाइयां नष्ट

टीम ने सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स पर छापा मारा। यहां करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयां मिलीं, जिनमें कीड़े-मकौड़े पाए गए। खाद्य विभाग ने इनके नमूने लिए और इसके बाद पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया। दुकान में गंदगी मिलने पर चालान की कार्रवाई भी की गई।

मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार हो रहा था नकली मावा

इसके बाद टीम ने कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर कार्रवाई की। जांच के दौरान यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड से मावा तैयार किए जाने का मामला सामने आया।

टीम ने करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और लगभग डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद किया। पूछताछ में दुकान संचालक ने मिल्क पाउडर और रिफाइंड से मावा तैयार करने की बात स्वीकार की।

सैंपल लेने के बाद बरामद मावा और मिठाइयों को नष्ट करा दिया गया। मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।

गंदे टीन में मिले रसगुल्ले

टीम ने एक अन्य स्थान पर अवैध रूप से मिठाई बनाने की सूचना पर छापेमारी की। यहां रसगुल्ले गंदे टीन के डिब्बों में रखे मिले। इनमें कीड़े, पतंगे और मक्खियां भी पाई गईं।

मौके से मिल्क पाउडर, रिफाइंड और अन्य सामग्री बरामद हुई। टीम ने आशंका जताई कि रसगुल्ले इन्हीं सामग्री से तैयार किए जा रहे थे। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी मिठाइयों को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानते हुए नष्ट करा दिया गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसडीएम ऋचा सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी और खाद्य विभाग की टीम मौजूद रही।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top