
Dehradun | PWD | NandaKiChowki | Suspension | Uttarakhand : उत्तराखंड सरकार ने नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि पुल निर्माण के दौरान नदी के बहाव और सुरक्षा से जुड़े जरूरी तकनीकी उपायों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। रिपोर्ट के अनुसार डिजाइन स्तर पर नदी के प्रवाह, क्रॉस स्लोप और सुरक्षा कार्यों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया…जिससे नदी का पानी एक ओर केंद्रित हो गया। इसके कारण पुल के एप्रोच रोड के पास कटाव हुआ और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
शासन ने माना कि संबंधित अधिकारी की ओर से तकनीकी निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण और निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग में लापरवाही बरती गई। साथ ही अनुबंध की शर्तों के पालन और विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी गंभीर कमी पाई गई।
सरकार का कहना है कि इस लापरवाही से सार्वजनिक हित प्रभावित हुआ और विभाग की छवि पर भी असर पड़ा। इसी आधार पर अधिशासी अभियंता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच आगे भी जारी रहेगी। यदि जांच में अन्य अधिकारियों या संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी सामने आती है…तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






