
HaldwaniNews | SchoolFire | UttarakhandNews : नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर से मंगलवार शाम एक बड़ी खबर सामने आई। मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल में अचानक आग लग गई..जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल भवन का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पहले स्कूल भवन के एक हिस्से में लगी थी…लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैल गईं। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करते रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में हुए अग्निकांडों के बाद उत्तराखंड सरकार भी फायर सेफ्टी को लेकर सतर्क है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, मॉल, होटलों और अन्य सार्वजनिक भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अग्नि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।






