
UKMSSB | Nursing Officer Recruitment | Uttarakhand Jobs | Age Limit : उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (यूकेएमएसएसबी) ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत नर्सिंग अधिकारी के 587 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट देने से इनकार किए जाने के बाद बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश पर लिए गए ऑफलाइन आवेदनों को निरस्त कर दिया है।
बोर्ड ने कहा है कि 17 नवंबर 2025 को राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग अधिकारी के 587 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 2 जुलाई 2026 को लिखित परीक्षा की अधिसूचना जारी की गई।
भर्ती के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने अधिकतम आयु सीमा में छूट की मांग करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के निर्देश पर इन अभ्यर्थियों के ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किए गए…और उनका मामला राज्य सरकार के पास भेजा गया।
राज्य सरकार ने कार्मिक विभाग से परामर्श के बाद स्पष्ट किया कि उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग (मेडिकल कॉलेज) नर्सिंग संवर्ग सेवा नियमावली-2020 और उत्तराखंड सेवाओं में भर्ती (आयु सीमा) नियमावली-2014 के अनुसार इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित है। नियमों में अतिरिक्त आयु छूट का कोई प्रावधान नहीं है।
सरकार ने यह भी कहा कि यदि इस भर्ती में आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाती है…तो अन्य विभागों की भर्तियों में भी ऐसी मांग उठ सकती है। इसलिए नियमों से हटकर छूट देना उचित नहीं माना गया।
सरकार के फैसले के बाद चयन बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश के तहत जमा किए गए सभी ऑफलाइन आवेदन निरस्त कर दिए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे और वे भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।






