Dehradun News

UKSSSC का बड़ा अपडेट, भर्ती परीक्षाओं की नई डेट जारी, PCS इंटरव्यू पर भी आई अहम जानकारी

UKSSSC
Ad

UKSSSC Exam | Uttarakhand Jobs | PCS Interview : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह-ग की कई भर्ती परीक्षाओं की नई तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग ने संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी करते हुए अगस्त और सितंबर में होने वाली परीक्षाओं का कार्यक्रम तय किया है।

कनिष्ठ सहायक और वैयक्तिक सहायक भर्ती परीक्षा अब 23 अगस्त को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। वहीं पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती परीक्षा, जो पहले 12 जुलाई को प्रस्तावित थी…अब 6 सितंबर को कराई जाएगी।

इसके अलावा विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों की भर्ती परीक्षा, जो 28 जून को होनी थी…अब 14 सितंबर को आयोजित होगी। सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा भी 23 अगस्त को ही आयोजित की जाएगी। आयोग ने इन परीक्षाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इधर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी तैयारी तेज कर दी है। आयोग के अनुसार, साक्षात्कार जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित हैं। इंटरव्यू की विस्तृत तिथि और कार्यक्रम जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

आयोग ने उन अभ्यर्थियों को भी राहत दी है…जो किसी कारणवश दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे अभ्यर्थी अब अपने आवश्यक दस्तावेज डाक के माध्यम से भी भेज सकेंगे।

वहीं राज्य लोक सेवा आयोग ने महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षिका भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम भी घोषित कर दिया है। आयोग ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी जल्द जारी किए जाएंगे।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली नई सूचनाओं और परीक्षा कार्यक्रम पर नियमित नजर बनाए रखें।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top