Election Talks

दिल्ली के दिग्गजों ने उत्तराखंड में डाला डेरा, 12 फरवरी की शाम तक कांग्रेस और भाजपा के प्रोग्राम पैक

देहरादून: प्रदेश में अब तक भाजपा और कांग्रेस पार्टी दो-दो बार सरकार बनाने में कामयाब हो चुकी हैं। आगामी विधानसभा चुनावों में एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। एक तरफ जहां भाजपा लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचने की तैयारी कर रही है तो वहीं कांग्रेस उनकी राह को मुश्किल करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।

दोनों ही दलों ने अपने-अपने दिग्गजों को मैदान पर उतार दिया है। दिल्ली के महारथी उत्तराखंड के चुनावी समर में कूद पड़े हैं। भाजपा की बात करें तो पार्टी ने स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 को श्रीनगर, 11 को अल्मोड़ा और 12 फरवरी रुद्रपुर में रहेंगे। जबकि 11 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। अमित शाह बद्रीनाथ, सहसपुर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके अलावा स्मृति ईरानी 10 फरवरी को हल्द्वानी आ रही हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 फरवरी को उत्तराखंड की 3 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के लिए वोट मांगेंगे। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 12 फरवरी को यमकेश्वर, सल्ट और रामनगर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस भी भाजपा से टक्कर लेने के लिए लगातार तैयार दिख रही है।

कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 10 फरवरी को हरिद्वार जिले के मंगलौर और अल्मोड़ा जिले की जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा आयोजित हुई है। राहुल गांधी के अलावा गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल भी रुद्रपुर सितारगंज में चुनाव प्रचार करेंगे।

इसके अलावा जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा 12 फरवरी को उधम सिंह नगर और हरिद्वार में रैली को संबोधित कर सकती हैं। लालकुआं से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी लगातार तमाम क्षेत्रों में घूमकर प्रचार कर रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। कुल मिलाकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी फ्रंट फुट पर खेलती दिख रहे हैं। गौरतलब है कि 12 फरवरी की शाम से चुनाव प्रचार और रोक दिया जाएगा।

To Top