Uttarakhand News

रंग लाया परिश्रम और सिलक्यारा टनल हुई तैयार, दो घंटों का सफर मिनटों में तय होगा

Ad

Uttarakhand News: Silkyara Tunnel: Temple: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सिलक्यारा सुरंग के ब्रेकथ्रू कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में सुरंग निर्माण कार्य के दौरान 41 श्रमिक 17 दिनों तक सुरंग के अंदर फंसे रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाए गए व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

ADVERTISEMENTS Ad

चारधाम यात्रा के लिहाज से सिलक्यारा सुरंग एक महत्वपूर्ण परियोजना है। करीब 1384 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही इस डबल लेन सुरंग की लंबाई 4.531 किलोमीटर है। इसके निर्माण से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के बीच की दूरी करीब 25 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और यात्रा में लगने वाला समय भी घटेगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

ब्रेकथ्रू के इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री ने परियोजना में शामिल सभी इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और श्रमिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह क्षण न सिर्फ तकनीकी कौशल की उपलब्धि है, बल्कि यह आस्था, समर्पण और मानवीय जज़्बे का प्रतीक भी है। सिलक्यारा टनल मिशन दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण और लंबे रेस्क्यू अभियानों में से एक रहा, जिसमें शामिल सभी लोगों ने अद्वितीय मानवता और टीम वर्क की मिसाल पेश की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान पर न केवल देश, बल्कि दुनिया की नजरें टिकी थीं। केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस कठिन चुनौती को सफलता में बदला। अभियान में देश और विदेश के विशेषज्ञों और आधुनिक संसाधनों की मदद ली गई। सुरंग में फंसे श्रमिकों ने जिस संयम और धैर्य का परिचय दिया, उसने सभी को प्रेरणा दी और अभियान को सफल बनाने का हौसला दिया।

रेस्क्यू टीम, रैट माइनर्स, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सभी सहयोगी एजेंसियों को भी मुख्यमंत्री ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए धन्यवाद और सराहना दी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top