
Jal Srishti Park | Pushkar Singh Dhami | Dehradun Development : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में करीब 8.64 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण यानी एमडीडीए ने मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत इस पार्क को विकसित किया है। पार्क में पुराने तालाब को नया रूप देते हुए आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने पार्क का लोकार्पण करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल सृष्टि पार्क स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पार्क में प्राकृतिक वातावरण के साथ बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पुराने तालाब को दिया गया नया रूप
पार्क की सबसे खास बात यह है कि निर्माण के दौरान यहां मौजूद पुराने तालाब को खत्म नहीं किया गया…बल्कि उसका पुनर्जीवन किया गया। तालाब के बीच एक आइलैंड बनाया गया है। इसके अलावा लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही प्राकृतिक वातावरण के साथ ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ का अनुभव मिल सकेगा।
जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जल और जंगल भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। पुराने तालाबों और जल स्रोतों को बचाना केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है….बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का भी काम है।
उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल कंक्रीट की इमारतें बनाना नहीं है। ऐसा विकास जरूरी है, जिससे लोगों का जीवन आसान हो…शहर सुंदर बने और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे।
रायपुर क्षेत्र में कई विकास कार्यों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई कार्यों को गति दी जा रही है। सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम भी जारी है।
पेयजल व्यवस्था के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं। पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइन बिछाने के काम भी किए जा रहे हैं।
इसके अलावा डिफेंस कॉलोनी, सिंयावाला और नेहरू कॉलोनी समेत अलग-अलग क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम किया गया है।
सौंग डैम से पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी के साथ पेयजल की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी को देखते हुए सौंग डैम जैसी महत्वपूर्ण परियोजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे भविष्य में देहरादून की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ की समस्या से राहत के लिए रायपुर क्षेत्र में नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा और चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं।
पार्क में ये सुविधाएं उपलब्ध
एमडीडीए की ओर से जल सृष्टि पार्क को हर आयु वर्ग को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यहां लोगों के लिए जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क और एजुकेशनल फ्लावर गार्डन बनाया गया है। इसके अलावा लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की व्यवस्था भी की गई है।
पार्क के तालाब के बीच आइलैंड और पेडल बोटिंग की सुविधा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकती है। पुराने जल स्रोत के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं को जोड़कर इसे विकसित किया गया है।
स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी लोगों की भी
मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय लोगों से पार्क को साफ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार पार्क बना सकती है और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उसकी देखभाल और स्वच्छता बनाए रखना समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि लोग यहां खेल, दौड़ और योग जैसी गतिविधियां करें…लेकिन पार्क और जलाशय की साफ-सफाई का भी ध्यान रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून अपनी हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इसलिए आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ शहर की प्राकृतिक पहचान और पर्यावरण को बनाए रखना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






