
Science Festival | AI Education | CM Dhami : उत्तराखंड के स्कूली विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर में आयोजित पांचवें सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान महोत्सव और इससे जुड़ी शोध एवं नवाचार गतिविधियों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मंडलसेरा स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें नए प्रयोगों के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना जरूरी है। इसी दिशा में प्रदेश के स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने की योजना पर काम किया जा रहा है।
सरकार की योजना STEM प्रयोगशालाओं को AI से जोड़ने, प्रत्येक विकासखंड में एक लैब ऑन व्हील्स उपलब्ध कराने और सभी जिलों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र विकसित करने की है। इसके अलावा देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर का काम भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने वाले चार शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठानी और खयाली दत्त शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और अपनी जिज्ञासा को प्रयोगों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सरकार का जोर है कि पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान और आधुनिक तकनीक सीखने के बेहतर अवसर मिलें।



