Uttarakhand News

सीएम धामी ने चंपावत दौरे पर मनाया भैया दूज, विशेष च्यूड़ा पूजन का हुआ आयोजन

Ad

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने चंपावत दौरे के दौरान बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक भैया दूज (च्यूड़ा पूजन) समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर महिलाओं ने कुमाऊं की समृद्ध परंपरा को जीवंत करते हुए च्यूड़ा पूजन का आयोजन किया, जिसे स्थानीय भाषा में सर पूजा कहा जाता है। इस पारंपरिक अनुष्ठान के माध्यम से महिलाओं ने मुख्यमंत्री की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं के स्नेह और सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं हमारी असली पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें अपनी जड़ों और लोक संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को भैया दूज की शुभकामनाएं दीं और राज्य के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।

इसके बाद मुख्यमंत्री टनकपुर स्थित शारदा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि शारदा घाट की आरती से क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिली है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top