
COVID-19 | Haldwani | Health Alert : डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी में उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की 76 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट में महिला का सैंपल SARS-CoV-2 पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीज को आइसोलेशन में रखकर इलाज शुरू कर दिया है।
अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुणा जोशी ने कहा कि मरीज रामपुर जिले के कैमरी, बिलासपुर क्षेत्र की रहने वाली है। फिलहाल उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य और स्थिर है। मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं है तथा उसे अस्पताल के वार्ड-सी में बने पृथक क्यूबिकल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी रामपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भेज दी है। साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी सीएमओ नैनीताल और संबंधित कंट्रोल रूम को भी सूचना उपलब्ध करा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने और उनकी निगरानी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






