Nainital-Haldwani News

नैनीताल झील में शव मिलने से मचा हड़कंप, 20 अक्टूबर से लापता था युवक

Ad

नैनीताल: सरोवर नगरी हमेशा ही अच्छे कारणों से सुर्खियों में रहती है। पर्यटकों की आवाजाही नैनीताल को और भी खूबसूरत बनाती है। लेकिन बीते कुछ दिनों में नैनीताल में ना जाने क्या हो रहा है। पहले भारी बारिश के चलते आपदा ने इतना नुकसान पहुंचाया। अब आज सुबह नैनी झील में एक लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

दरअसल पाषाण देवी मंदिर के पास नैनी झील में राहगीरों को सोमवार सुबह एक युवक का शव उतराता हुआ दिखा। जिसकी सूचना उन्होंने 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलने के फौरन बाद एसओ रोहिताश सिंह सागर, एसआई दीपक बिष्ट, चीता कांस्टेबल शिवराज राणा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव को झील में से बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक तल्लीताल फांसी गधेरा निवासी जयप्रकाश 20 अक्टूबर सुबह घर से निकला था। चार दिन तक उसकी तलाशबीन के बाद जब अता पता नहीं लगा तो परिजनों ने रविवार को तल्लीताल थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत ही युवक की तलाश शुरू कर दी थी। ऐसे में अगली ही सुबह युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है।

एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मृतक के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। एक दिन पहले ही पुलिस को गुमशुदगी की बात बताकर मामला दर्ज करवाया गया था। उन्होंने बताया कि अभी तक तो मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। फिर भी अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामे की कार्यवाही की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top