Uttarakhand News

देहरादून से दिल्ली जाने का बदला रूट, रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ सकता है !

Ad

देहरादून: कांवड़ यात्रा के चलते उत्तराखंड परिवहन निगम ने देहरादून से दिल्ली जाने वाली बसों के मार्ग में बदलाव किया है। अब दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, आगरा, जयपुर और अलवर की ओर जाने वाली बसों को सहारनपुर एक्सप्रेस-वे के रास्ते देवबंद होते हुए भेजा जा रहा है। वहीं, हरिद्वार और ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाली बसों को या तो जानसठ-मीरापुर होकर या फिर करनाल मार्ग से दिल्ली भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

प्रशासन के निर्देशों के मुताबिक, बसों का संचालन केवल निर्धारित मार्ग से ही किया जाएगा। पहले ये बसें दून-रुड़की-मेरठ होते हुए दिल्ली जाती थीं, लेकिन गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश पुलिस ने छुटमलपुर से रुड़की का मार्ग बंद कर दिया, जिससे शुक्रवार सुबह से बसों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।

फिलहाल, सहारनपुर एक्सप्रेस-वे होते हुए बसें देवबंद-मुजफ्फरनगर-मेरठ के रास्ते दिल्ली जा रही हैं। लेकिन कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और संभावित मार्ग बंदी को देखते हुए जल्द ही इन्हें यमुनानगर-करनाल-पानीपत होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। इससे देहरादून-दिल्ली की दूरी करीब 59 किलोमीटर बढ़ जाएगी।

हालांकि अभी बसों के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, लेकिन अगर करनाल वाला मार्ग स्थायी रूप से अपनाया गया तो किराये में मामूली बदलाव हो सकता है। पिछले साल भी करनाल रूट से संचालन के दौरान वॉल्वो बस का किराया सिर्फ एक रुपये बढ़ाया गया था जबकि सामान्य बस का किराया 10 रुपये तक बढ़ाया गया था।

उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक पवन मेहरा ने सभी डिपो एजीएम को निर्देश दिए हैं कि बसों का संचालन प्रशासन द्वारा तय मार्गों से ही किया जाए। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top