Uttarakhand News

पॉश इलाकों में भी सुरक्षित नहीं हैं लोग, महिला की हत्या से राजधानी में सनसनी

Ad

देहरादून: राजधानी में अपराधिक घटनाओं का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर लूट को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने महिला की हत्या कर दी। घटना के सामने आने के बाद पास के क्षेत्र सनसनी मच गई है। खबर के मुताबिक शहर के पॉश इलाके जाखन स्थित विद्या विहार में बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली। बदमाश घर की मालकिन को बेहोश कर गए थे। पति घर पहुंचने के बाद लूट की घटना सामने आई। घायल महिला को निजी अस्पताल ले जाया लेकिन उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस को पीडित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि विद्या विहार लेन नंबर में रहने वाली गुलशन चड्ढा (65 वर्ष) चीफ डिफेंस ऑडिटर (सीडीए) कार्यालय से रिटायर थीं। उनके पति प्रवेश चड्ढा एक निजी होटल में और बेटा सन्नी व बहू निजी बैंक में नौकरी करते हैं। गुरुवार को तीनों अपने ऑफिस गए हुए थे। शाम को तकरीबन साढ़े चार बजे प्रवेश घर आए तो पत्नी गुलशन गेट पर बेहोश पड़ी हुई थी।

वह घर के अंदर गए तो सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से जेवरात व 80 हजार रुपए गायब थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना जाखन चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गुलशन को मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और फिंगर प्रिंट आदि एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच के लिए पुलिस पास में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। वहीं विद्या विहार जैसे पॉश इलाके में इस घटना से लोग दहशत में है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े ऐसी घटनाए साफ इशारा करती है कि बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में बाहरी लोग बिना सत्यापन के रेहड़ी, ठेले लगाते हैं।

गुलशन के शरीर पर चोट का एक भी निशान नहीं था। ऐसे में पुलिस प्रथमदृष्टया कयास लगा रही है कि जहरखुरानी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया होगी। पुलिस की जांच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top