
Delhi-Haridwar Expressway | Nitin Gadkari |Uttarakhand News : दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि अगले महीने दिल्ली से हरिद्वार के लिए नया मार्ग खोला जाएगा। इससे दिल्ली से हरिद्वार का सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा हो सकेगा। इस मार्ग के शुरू होने से उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।

नितिन गडकरी ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन में सड़क परियोजनाओं और देश में बेहतर कनेक्टिविटी के महत्व पर बात करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई सड़क परियोजनाओं से यात्रा का समय घटाने और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
गडकरी ने दिल्ली-मेरठ मार्ग का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले दिल्ली से मेरठ पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगते थे, जबकि अब यह सफर लगभग 40 से 50 मिनट में पूरा हो जाता है।
उन्होंने दिल्ली से देहरादून के लिए बने नए मार्ग का भी जिक्र किया। गडकरी के मुताबिक पहले दिल्ली से देहरादून पहुंचने में करीब सात घंटे लगते थे…लेकिन अब यह दूरी लगभग दो घंटे में तय की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि अगले महीने दिल्ली से हरिद्वार के लिए नया मार्ग खोलने की योजना है। उनके दावे के मुताबिक इससे दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने में करीब 90 मिनट लगेंगे। हालांकि, वास्तविक यात्रा समय शुरुआती स्थान, यातायात और मार्ग की स्थिति पर भी निर्भर करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना का करीब 80 से 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
बेहतर सड़कें धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी बढ़ावा दे सकती हैं। इससे होटल, परिवहन, दुकानदारों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
गडकरी ने कहा कि सरकार देशभर में एक्सप्रेसवे और ग्रीन एक्सप्रेसवे बनाने पर जोर दे रही है। बेहतर सड़क नेटवर्क से शहरों और पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा आसान होती है। सड़क निर्माण के दौरान रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और सीमेंट, स्टील जैसी निर्माण सामग्री की मांग भी बढ़ती है।
उन्होंने अयोध्या और महाराष्ट्र में चल रही सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें पंढरपुर पालखी मार्ग जैसी परियोजनाएं शामिल हैं…जिनका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है।
केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि नए सड़क मार्ग दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को आर्थिक केंद्रों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके मुताबिक बेहतर बुनियादी ढांचा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाता है।



