Bageshwar News

उत्तराखंड के लिए बागेश्वर के देवेंद्र बोरा का कमाल जारी, रणजी ट्रॉफी में अब झटके 6 विकेट

Ad

Uttarakhand: Rajasthan: Devendra Bora: Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड के गेंदबाजों ने राजस्थान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन अपनी मजबूत पकड़ बना ली। देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में खेले जा रहे मुकाबले में उत्तराखंड के गेंदबाजों ने राजस्थान की पूरी टीम को 81.2 ओवर में 272 रनों पर समेट दिया। इस दौरान बागेश्वर के युवा गेंदबाज देवेंद्र बोरा ने अपनी धारदार गेंदबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट अपने नाम किए। वहीं मयंक मिश्रा और अवनीश सुधा ने 2-2 विकेट हासिल किए।

ADVERTISEMENTS Ad

राजस्थान की ओर से कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 73 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान की टीम 272 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

देवेंद्र बोरा एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में हैं। बागेश्वर के रहने वाले देवेंद्र इस सीजन में दो बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। पिछले सीजन में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई थी। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पहली ही गेंद पर आउट कर सुर्खियां बटोरी थीं।

जूनियर क्रिकेट से ही विकेट लेने की अपनी क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले देवेंद्र का प्रदर्शन अंडर-23 क्रिकेट में भी शानदार रहा है। साल 2024 में बंगाल के खिलाफ एक मुकाबले में उन्होंने 10 विकेट हासिल किए थे, जबकि मध्य प्रदेश के खिलाफ वनडे मुकाबले में महज 8 ओवर में 7 विकेट झटककर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर देवेंद्र बोरा उत्तराखंड क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उत्तराखंड प्रीमियर लीग में भी वह विकेट लेने वाले प्रमुख गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। राजस्थान के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में उनका यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि उत्तराखंड के इस युवा गेंदबाज में बड़े स्तर पर अपनी छाप छोड़ने की पूरी क्षमता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top