Uttarakhand News

उत्तराखंड में खिलाड़ियों के अच्छे दिन, धामी सरकार ने 10 गुना तक बढ़ाई प्रोत्साहन राशि

Ad

देहरादून: उत्तराखंड में धामी सरकार ने खेल पुरस्कारों की धनराशि बढ़ा दी है। अब प्रतिभाग करने और जीतने पर 25 प्रतिशत से 10 गुना तक राशि बढ़ाई गई है। आदेश के अनुसार ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ी को दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। रजत पदक विजेता को डेढ़ करोड़ और कांस्य पदक विजेता को एक करोड़, ओलंपिक खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी को पचास लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। ओलंपिक, विश्वकप, एशियन खेल, राष्ट्रमंडल खेलों में चयन के बाद खिलाड़ी को संबंधित प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए मान्य धनराशि का 20 प्रतिशत पहले ही उपलब्ध कराया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

विश्व कप और विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता प्रदेश के खिलाड़ी को तीस लाख, रजत पदक विजेता को 20 लाख, कांस्य पदक विजेता को 15 लाख और प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी को साढ़े सात लाख रुपये दिए जाएंगे। एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता प्रदेश के खिलाड़ी को तीस लाख, रजत पदक विजेता खिलाड़ी को बीस लाख, कांस्य पदक विजेता को 15 लाख और खेलों में हिस्सेदारी करने वाले खिलाड़ी को साढ़े सात लाख रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन के लिये खेल पुरस्कारों की धनराशि में बढ़ोतरी की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रही है, युवाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, हमारे युवा मनोयोग से खेले और अच्छा प्रदर्शन करें तथा देश व प्रदेश के लिये अधिक से अधिक मैडल प्राप्त करें। इस दिशा में उनकी प्रतिभाओं को निखारने का हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कमी नही है। राज्य में खिलाड़ियों के लिये बेहतर खेल प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है। खिलाडियों के हित में जो भी बेहतर प्रावधान करने जरूरी होंगे वह किये जायेंगे, हम नई खेल नीति लेकर आये हैं। नई खेल नीति में भी प्रावधान किया गया है जिन बच्चों में प्रतिभा व योग्यता है वह आगे आ सके इसके लिये खेल पुरस्कारों में बढ़ोतरी के साथ ही खिलाड़ियों के हित में अनेक कल्याणकारी कदम उठाये गये हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top