Dehradun News

देहरादून में ‘डबल डेकर’ बस की हो सकती है शुरुआत, केंद्रीय मंत्री ने बनाया प्लान !

Ad

देहरादून: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को देहरादून में एक अनोखे परिवहन साधन की कल्पना साझा की। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि देहरादून में हवा में चलने वाली डबल डेकर बस शुरू की जाए…जो ऊपर ही ऊपर उड़ती हुई शहर के भीड़-भाड़ वाले ट्रैफिक से ऊपर होकर लोगों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

गडकरी यह बात एक निजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कही जहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि देहरादून में यातायात जाम की समस्या बहुत बड़ी है। वे अक्सर हवाई जहाज या हेलीकॉप्टर से आते हैं क्योंकि सड़क मार्ग से आने पर जाम की वजह से समय बहुत लग जाता है। उन्होंने कहा मेरा सपना है कि देहरादून में ऐसी डबल डेकर बस चले जो हवा में ऊपर ही ऊपर सफर करे…और एक साथ सवा सौ से डेढ़ सौ लोग इसके जरिए सफर कर सकें।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि वे इस संबंध में एक प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजें ताकि इस सपने को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा सब कुछ संभव है। यदि हम समस्याओं को अवसर में बदलने का नजरिया अपनाएं तो कोई भी काम असंभव नहीं है।

साथ ही गडकरी ने राज्य में चल रही रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा भी की। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि देहरादून में उनके नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत और राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित नए रोपवे प्रोजेक्ट्स पर विस्तार से चर्चा हुई।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को रोपवे कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। ये परियोजनाएं न केवल यात्रा को सुगम बनाएंगी बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती देंगी।

नितिन गडकरी का यह सपना और राज्य सरकार की योजनाएं उत्तराखंड को तकनीकी नवाचार के जरिए यातायात समस्या से निजात दिलाने और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकेत हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top