Udham Singh Nagar News

क्राइम कैपिटल ऊधमसिंहनगर में आधी रात को बरसीं गोलियां, फायरिंग में एक युवक की मौत

बाजपुर: अपराधों के मामले में ऊधमसिंहनगर जिले ने सारे जिलों को पीछे छोड़ दिया है। ये जिला क्राइम कैपिटल बनने की राह पर है। इसकी एक और बानगी बाजपुर से सामने आई है। बाजपुर में स्टोन क्रशर की हिस्सेदारी के विवाद में आधी रात को गोलीबारी हो गई। जिसमें एक की मौत भी हो गई। बता दें कि इस घटना में तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनको हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा भारी फोर्स तैनात की गई है।

दरअसल बाजपुर में मंगलवार की आधी रात को पिपलिया गांव में विवाद हो गया। यहां पर एक स्टोन क्रशर पर करीब डेढ़ करोड़ के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद इतना गर्म हो गया कि कुछ ही देर में दो पक्षों में जमकर गोलियां चलने लगीं। इस दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। कनिष्ठ प्रमुख समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक पहाड़पुर गांव निवासी कनिष्ठ प्रमुख तजिंदर सिंह का पिपलिया गांव स्थित एक स्टोन क्रशर को लेकर डेढ़ करोड़ रुपए का विवाद है। इसी क्रम में मंगलवार की शाम एक होटल में वार्ता के लिए पंचायत बुलाई। मगर नतीजा ये निकला कि तड़ातड़ गोलियां बरसनी शुरू हो गईं। गोली लगने से कुलवंत सिंह की मौत हो गई। घटना में जबकि कनिष्ठ प्रमुख तजिंदर सिंह, मोहित अग्रवाल, हरप्रीत सिंह घायल हो गए।

घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत आनन-फानन में ही मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सरकारी अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने कुलवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि तजिंदर सिंह, मोहित व हरप्रीत सिंह को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

To Top