National News

पाकिस्तान का पूर्व सांसद भारत में कैसे बेच रहा है कुल्फी, बेनजीर भुट्टो के साथ किया है काम

Ad

Former MP: Pakistan: India: Hindu: Pahalgam: पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो सरकार के दौरान सांसद रहे डबाया राम करीब 25 साल पहले अपने परिवार के साथ भारत आए थे। वर्ष 2000 में डबाया राम भारत पहुँचे थे और फिलहाल हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव रतनगढ़ में रह रहे हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य रतिया व भोडियाखेड़ा गांव में बसे हुए हैं। डबाया राम बताते हैं कि अब उनके परिवार में कुल 34 सदस्य हो चुके हैं। वे सभी पिछले ढाई दशक से भारतीय नागरिकता पाने के लिए प्रयासरत हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

डबाया राम के परिवार के छह सदस्यों को, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, भारतीय नागरिकता मिल चुकी है। बाकी बचे 28 सदस्यों ने भी नागरिकता के लिए आवेदन कर दिया है। शुरू में डबाया राम और उनका परिवार केवल एक माह का वीजा लेकर भारत आए थे। इसके बाद वीजा का नवीनीकरण कराते रहे और 2018 तक वीजा बढ़वाते रहे। पहले हर साल वीजा नवीनीकरण कराना पड़ता था, बाद में उन्हें पांच साल की अवधि का वीजा मिलना शुरू हुआ।

डबाया राम ने बताया कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिस वजह से भारत आना पड़ा। भारत आने के बाद से अब तक स्थानीय लोगों और प्रशासन का उन्हें भरपूर सहयोग मिला है, जिससे उनका जीवन यहाँ सुरक्षित और सम्मानजनक हो गया है।

पाकिस्तान के पूर्व सांसद डबाया राम अब अपनी रोजी-रोटी के लिए कुल्फी बेचने का कार्य करते हैं। हाल ही में उन्होंने और उनके परिवार के सदस्य ओमप्रकाश ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि आतंकियों को उनके ठिकानों में घुसकर खत्म किया जाए।

डबाया राम ने यह भी बताया कि पाकिस्तान में उनके दादा की करीब 25 एकड़ जमीन अभी भी है, जो बखर जिले के दरियापुर तहसील के पंचगिरेह क्षेत्र में स्थित है। भारत में बीते 25 वर्षों में उनके परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी बन चुके हैं और अब वे जल्द ही पूरी तरह से भारतीय नागरिक बनने की राह पर हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top