Dehradun News

NEET छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! उत्तराखंड सरकार ने किया फ्री बस यात्रा का ऐलान

Ad

NEET UG 2026 | Uttarakhand News | Free Bus Travel : उत्तराखंड सरकार ने NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभ्यर्थियों को यह सुविधा NEET UG 2026 का प्रवेश पत्र दिखाने पर मिलेगी। मुफ्त यात्रा की सुविधा परीक्षा से दो दिन पहले से लेकर परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी।

सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने इस संबंध में उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासियों के लिए होगी और निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों में ही लागू रहेगी।

अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से दो दिन पहले अपने घर या वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर अपने घर या वर्तमान निवास स्थान तक वापस भी निःशुल्क यात्रा कर पाएंगे।

गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। परीक्षा में देशभर से करीब 22.75 लाख छात्रों ने आवेदन किया था…जबकि 22.05 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में भरोसा कायम रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था। अब NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।

राज्य सरकार के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top