
हल्द्वानी: मानसून के दौरान शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और सड़क रखरखाव की समीक्षा की।
बैठक में एडीबी (ADB) के अधिकारियों को तीनपानी से नरीमन तिराहा, कालूसिद्ध चौराहे से कटघरिया और मुखानी चौराहे से कोलटैक्स तक के मार्गों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन स्थलीय निरीक्षण कर बारिश के कारण बने गड्ढों की पहचान करने और मौसम अनुकूल होते ही तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया।
नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चल रहे कार्यों के लिए तीन पैकेजों के अंतर्गत प्रत्येक पैकेज में दो-दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें मानसून और आपदा के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेंगी तथा जलभराव, सड़क क्षति, गड्ढों की मरम्मत और जल निकासी जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।
पेयजल निर्माण निगम को राजपुरा, सुभाष नगर, जगदम्बा नगर और इंदिरा नगर समेत अन्य क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की बैकफिलिंग और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। बारिश के दौरान सड़क धंसने या गड्ढे बनने की स्थिति में तुरंत समतलीकरण और आवश्यक मरम्मत करने तथा मानसून समाप्त होने के बाद इन सड़कों का डामरीकरण प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जीएसटी कार्यालय, कटघरिया सहित अन्य परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने में तेजी लाने, तीनपानी-मंडी मार्ग पर विद्युत पोल शिफ्टिंग और ह्यूम पाइप बिछाने के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
नगर मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को मानसून अवधि में मुख्यालय पर उपलब्ध रहने, मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा किसी भी आपदा या आपात सूचना पर बिना देरी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






