
Haldwani : Honey Trap : Blackmailing : उत्तराखंड के हल्द्वानी में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी को कथित तौर पर जाल में फंसाकर 10 साल से ज्यादा समय तक ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से करीब 7 करोड़ रुपये वसूल लिए। इसमें पांच करोड़ रुपये नकद और करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल बताई गई है।

लगातार मिल रही धमकियों और पैसों की मांग से परेशान कारोबारी की हालत ऐसी हो गई कि वह आत्महत्या करने तक की स्थिति में पहुंच गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में भोटिया पड़ाव क्षेत्र के कारोबारी ने बताया कि वर्ष 2015 में ज्योति सिंह नाम की महिला उनके लालकुआं स्थित स्टोन क्रशर पर पहुंची थी। महिला ने कोर्ट केस का हवाला देते हुए आर्थिक मदद मांगी। कारोबारी ने उसकी मदद कर दी।
आरोप है कि इसके बाद महिला ने मुलाकात के बहाने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं। एक दिन पूजा के बहाने उन्हें अपने घर बुलाया। कारोबारी का आरोप है कि वहां खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश किया गया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए गए। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगे जाने लगे।
कारोबारी ने कहा कि वर्ष 2016 में ही उनसे 45 लाख रुपये वसूल लिए गए थे। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार जारी रहा।
कारोबारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में महिला ने मो. मुश्ताक, कृष्णा कुमार, विरक और सोमवती समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी संपत्ति भी निशाने पर रही।
आरोप है कि एक प्लॉट ज्योति सिंह, दो प्लॉट उसकी बेटी और एक प्लॉट मो. मुश्ताक के नाम करा लिया गया। इसके अलावा अलग-अलग समय पर करीब पांच करोड़ रुपये नकद, कार और बाइक भी ले ली गई।
इस तरह कारोबारी से नकदी और संपत्ति मिलाकर करीब सात करोड़ रुपये की वसूली की गई।
शिकायत में कारोबारी ने बताया कि 5 नवंबर को वह काठगोदाम में अपने भाई के घर पहुंचे थे। इसी दौरान महिला भी वहां पहुंच गई और फिर से पैसों की मांग करने लगी। कारोबारी ने उसे 12 नवंबर तक का समय मांगा….लेकिन आरोप है कि महिला लगातार फोन और मैसेज कर दबाव बनाती रही।
इतना ही नहीं पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि पिछले कई वर्षों से वह इस ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर कारोबारी आत्महत्या करने की स्थिति में पहुंच गया था। शिकायत की जांच में सामने आया कि वर्ष 2015 से लगातार वीडियो वायरल करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और संपत्ति के नाम पर दबाव बनाकर करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप लगाए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि मामले में महिला समेत पांच नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





