
Haldwani : FakeMarks : MBPGCollege : AdmissionFraud : एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए जमा किए गए ऑनलाइन आवेदन पत्रों की जांच के दौरान बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आई हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार करीब 200 आवेदन ऐसे मिले हैं…जिनमें छात्रों के अंकों में कथित तौर पर हेरफेर किया गया है।
मामला तब सामने आया जब कॉलेज में प्रवेश के लिए तैयार की जा रही मेरिट सूची के दौरान आवेदन पत्रों में दर्ज अंकों का सत्यापन किया गया। जांच में कुछ छात्रों के फॉर्म में इंटरमीडिएट के वास्तविक अंकों से काफी अधिक अंक दर्ज पाए गए।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक कुछ मामलों में अंक वास्तविक प्रतिशत से लगभग दो गुना तक अधिक दर्ज किए गए थे। एक मामले में छात्र ने इंटरमीडिएट में करीब 90 प्रतिशत अंक दर्ज किए…जबकि दस्तावेजों की जांच में उसके वास्तविक अंक काफी कम पाए गए। इसी तरह कुछ अन्य आवेदनों में भी अंक बढ़ाकर दर्ज करने की बात सामने आई है।
मेरिट सूची से पहले हुई गड़बड़ी की जांच
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित आवेदनों की दोबारा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितने आवेदन जानबूझकर गलत जानकारी देकर भरे गए थे।
प्राचार्य ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। गलत जानकारी देने वाले आवेदनों को नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है।
पीजी कक्षाओं की मेरिट आज आने की संभावना
एमबीपीजी कॉलेज में स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार पीजी कक्षाओं की मेरिट सूची जारी होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
वहीं स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी नजदीक है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन आवेदनों की जांच पर विशेष ध्यान दे रहा है…ताकि गलत अंकों के आधार पर किसी छात्र को अनुचित लाभ न मिल सके।






