Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी विधायक सुमित का बड़ा बयान, वोट की ताकत से खिलवाड़ लोकतंत्र पर सीधा हमला

Ad

Voting Rights | Haldwani News | Congress March : मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने हल्द्वानी में जनजागरण मार्च निकाला। कांग्रेस के वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत गुरुवार को बुद्ध पार्क, तिकोनिया से एसडीएम कोर्ट तक मार्च निकाला गया। इसमें विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर मार्च निकाला। इस दौरान मताधिकार की रक्षा, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतंत्र को मजबूत करने की मांग को लेकर नारे लगाए गए।

वोट की ताकत से खिलवाड़ लोकतंत्र पर हमला: सुमित हृदयेश

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक वोट की ताकत से किसी भी तरह का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा असर डालता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं निर्वाचन आयोग को उनका स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।

सुमित हृदयेश ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क से सदन तक अपनी बात रख रही है। उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस के इस संघर्ष को दबाने का आरोप भी लगाया।

बूथ स्तर तक लोगों को जागरूक करेगी कांग्रेस

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपनी सरकार चुनने का अधिकार दिया है। उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी समाधान की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बूथ और वार्ड स्तर पर लोगों के बीच जाएगी। लोगों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने के लिए जागरूक किया जाएगा। नाम या अन्य किसी जानकारी में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए। इसी उद्देश्य से अभियान को बूथ और वार्ड स्तर तक ले जाने का फैसला किया गया है।

मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सांगुड़ी, प्रदेश महासचिव भागीरथी बिष्ट, प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, मोहन बिष्ट, जीवन कार्की, जाकिर हुसैन, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, BLA-1 डॉ. मयंक भट्ट, शंकर कोहली समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ad
To Top