
Haldwani: Betting: IPL: नैनीताल एसएसपी Dr. Manjunath T. C. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस को IPL सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मुखानी पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो IPL मैचों पर बड़े स्तर पर सट्टा संचालित कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को थाना मुखानी प्रभारी सुशील जोशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद एवं SOG टीम ने मधुबन कॉलोनी स्थित एस मोड़ के पास एक खाली प्लॉट में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से IPL मैचों में सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
मौके से पुलिस ने 6 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन और 51 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में FIR संख्या 62/26 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रतिदिन करीब 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित करते थे। पुलिस के अनुसार अब तक लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलाया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा, रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा और मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर विक्टोरिया नंबर-1 मुखानी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम और NDPS एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, त्रिलोक रौतेला सहित SOG और मुखानी पुलिस की टीम शामिल रही।






