Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में पुलिस की परमिशन के बिना नहीं निकलेगी बरात, डीआईजी ने दिए आदेश

हल्द्वानी में पुलिस की परमिशन के बिना नहीं निकलेगी बरात, डीआईजी ने दिए आदेश
Ad

हल्द्वानी: शादी बरातों का सीजन अब शुरू हो गया है। सहालग की शुरुआत रविवार से हो गई है। बीती रात अगर आप सड़कों पर निकले होंगे तो मुमकिन है कि आपको भी जाम का दंश झेलना पड़ा होगा। मगर बरातों से होने वाली ट्राफिक अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। अब बिना अनुमति के बरात ले जाने पर वर-वधु पक्ष के लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।

ADVERTISEMENTS Ad

जी हां, नैनीताल जिले में कुल 113 बरात घर हैं, जहां शादी के आयोजन होते हैं। शादी का सीजन शुरू होते ही जाम की समस्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अब डीआइजी डा. नीलेश आनंद भरणे ने शहर को जाम मुक्त करने के लिए आदेश जारी किया है। जिसके मुताबिक शहरी क्षेत्र में बरात लेकर जाने से पहले अब पुलिस की अनुमति लेनी होगी।

पुलिस का मानना है कि एक ही रूट पर कई सारी बरातें होने की वजह से दिक्कतें होती हैं। ऐसे में अब दूल्हे पक्ष के लोगों को नजदीकी थाने में जाकर सूचना देनी होगी। डीआइजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में निकलने वाली हर बरात पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने आदेश में कहा कि दूल्हे पक्ष द्वारा अनुमति लेने के बाद पुलिस चौराहे व बरातस्थल के आसपास व्यवस्था करेगी।

दुल्हन पक्ष के लोगों के लिए भी डीआईजी ने निर्देश दिए हैं। डीआईजी भरणे के मुताबिक दूर से आने वाली बरातों के लिए भी दुल्हन पक्ष के लोग पहले सूचना देंगे। ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस खुद बरात ले जाने वाले रूट को तय करे। बता दें कि अगर बगैर सूचना बरात ले जाने पर शहर में जाम लगा तो डीआईजी ने पुलिस को वर-वधू दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। हालांकि अनुमति का यह आदेश केवल शहरी क्षेत्रों में ही लागू रहेगा।

गौरतलब है कि हल्द्वानी में तो रविवार को ही जाम देखने को मिला। बरात का सीजन शुरू होते ही हल्द्वानी में ये समस्या उजागर हो जाती है। हो ना हो, बरात घरों में पार्किंग की व्यवस्था ना होना, बरात घरों का नेशनल हाईवे से सटा होना, एक रूट पर अधिक बरात, बरातियों का सड़क पर नाचना और शहर के चौराहों पर पुलिस की गैर मौजूदगी के कारण ही ये समस्या पैदा होती है। उम्मीद है कि अब पुलिस के फैसले से कुछ राहत मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top