Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी: साले पर था पत्नी से अवैध संबंध का शक, आधी रात घर पहुंचा पति; फिर कर दी हत्या

crime news
Ad

Haldwani Murder Case | Banbhulpura Crime | Family Dispute :

हल्द्वानी। बनभूलपुरा के जवाहर नगर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिवार ने युवक की हत्या का आरोप उसके मुंहबोले साले के दामाद पर लगाया है। आरोप है कि पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में युवक का बिजली के तार से गला घोंट दिया गया।

घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। इससे पहले पड़ोस में आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान मृतक अमन ठाकुर और आरोपी दामाद के बीच विवाद हुआ था। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई….जिसके बाद आसपास के लोगों ने मामला शांत करा दिया था।

पार्टी के बाद बरामदे में सो गया था अमन

मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ निवासी 29 वर्षीय अमन ठाकुर करीब तीन साल से जवाहर नगर में एक महिला के परिवार के साथ रह रहा था। मंगलवार रात वह पड़ोस में हुई जन्मदिन पार्टी में गया था। वहां विवाद के बाद वह वापस घर आया और रोज की तरह बरामदे में सो गया।

परिवार का आरोप है कि रात करीब 12 बजे आरोपी दामाद दोबारा घर पहुंचा। आरोप है कि उसने गहरी नींद में सो रहे अमन का बिजली के तार से गला घोंट दिया और इसके बाद अपने घर चला गया।

सुबह बरामदे में मिला शव

बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे परिवार के लोगों ने अमन को बरामदे में मृत देखा। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और बिजली के तार को कब्जे में लिया।

पत्नी से संबंध के शक को लेकर था विवाद

परिवार के अनुसार आरोपी दामाद को अपनी पत्नी और अमन के बीच संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। मंगलवार रात जन्मदिन पार्टी में भी इसी मुद्दे पर कहासुनी और हाथापाई हुई थी।

अमन को बेटे की तरह मानती थी महिला

परिवार के मुताबिक अमन करीब तीन साल पहले अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान जवाहर नगर निवासी महिला से हुई। बाद में वह महिला के परिवार के साथ रहने लगा। महिला का कहना है कि उसने अमन को बेटे की तरह माना था।

महिला ने बताया कि पहले उसने अपनी बड़ी बेटी की शादी अमन से कराने के बारे में सोचा था…लेकिन बेटी के इनकार के बाद उसने अमन को बेटे की तरह घर में रख लिया। अमन घर के काम और सफाई के कार्य में भी उसकी मदद करता था।

पुलिस कर रही पूछताछ

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि दामाद पर हत्या का संदेह है। सीओ/एएसपी सिटी अमित सैनी के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top