
Haldwani | PushkarDhami | NitinNaveen | Uttarakhand : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
संवाद के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से प्रदेश और देश के विकास से जुड़े सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए और रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव दिए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आज युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं है….बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए संभावनाएं बढ़ी हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं की ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। नितिन नवीन ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज और देश के हित में किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सफलता के लिए समय प्रबंधन और समय के सही इस्तेमाल को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की बड़ी युवा आबादी देश को नई ऊर्जा और नई सोच दे रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के सामने नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सरकार ने इस सोच के साथ काम किया कि पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी उत्तराखंड के काम आए। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नकल माफिया के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं….ताकि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का फोकस केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है। युवाओं के लिए स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी पहलों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने खेलों में उत्तराखंड की बढ़ती उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है….और पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।






