Nainital-Haldwani News

नैनीताल जिले में कोरोना मरीजों के लिए 550 बेड और हो रहे हैं तैयार, डीएम सविन बंसल ने दी जानकारी

Ad

नैनीताल जिले में कोरोना मरीजों के लिए 550 बेड और हो रहे तैयार, डीएम ने दिया अपडेट

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिले में अब तक कोरोना वायरस के 4398 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे प्रकरणों पर प्रशासन गंभीर है और लगातार कड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीएम सविन बंसल ने गौलापार स्टेडियम, मिनी स्टेडियम हल्द्वानी तथा रामनगर कन्वेंशन सेंटर में ऑक्सीजन इनेबल्ड बेड्स में व्यापक रूप से बढ़ोतरी किये जाने का निर्णय लिया है। डीएम ने 200 बेड गौलापार स्टेडियम, 200 बेड मिनी स्टेडियम तथा 150 बेड रामनगर कन्वेंशन सेंटर में बढ़ाये जाने हेतु तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

गौलापार स्टेडियम में प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं हेतु अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.रश्मि पन्त को नोडल अधिकारी बनाया। मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं हेतु अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.रश्मि पन्त को नोडल अधिकारी बनाया। रामनगर कन्वेंशन सेंटर में प्रशासनिक व्यवस्थाओं हेतु उप जिलाधिकारी रामनगर को तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं हेतु अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ.तरूण कुमार टम्टा को नोडल अधिकारी बनाया।

उन्होंने तीनो स्थानों में नर्सिंग स्टेशनों की स्थापना के निर्देश दिए देते दिए। डीएम ने कहा कि नर्सिंग स्टेशन में 6 से 8 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था, दवाइयाॅ आदि रखने के साथ ही आगे की तरफ पारदर्शी शीशे लगे होने चाहिए। तीनो स्थानों पर स्थापित किये जाने वाले बेड हेतु 200 ऑक्सीजन सिलेण्डर, कन्सनट्रेटर (सान्द्रक) महानिदेशक चिकित्सा से प्राप्त करने हेतु तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए।

इसके साथ ही 500 ऑक्सीजन सिलेण्डर तथा सिलेण्डर के साथ प्रयुक्त होने वाले अन्य महत्वपूर्ण उपकरण जिला स्तर पर तुरन्त क्रय किये जाने के भी निर्देश सीएमओ को दिए। सीएमओ को निर्देश दिए कि इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाये कि खाली ऑक्सीजन सिलेण्डरों का तत्काल भरवाया जाना सुनिश्चित करें ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो।

ऑक्सीजन की आपूर्ति निरन्तर बनाये रखने के लिए यह भी निर्देश दिए कि स्थापित बेड्स के सापेक्ष उतने ही भरे हुए ऑक्सीजन सिलेण्डर अतिरिक्त रूप से 24X7 (प्रतिदिन 24 घण्टे) की तर्ज पर संचित रखे जायें तथा भुगतान सम्बन्धी समस्त औपचारिकतायें समयान्तर्गत पूरी की जाये। मरीजों को आवश्यक दवाइयां, इन्जेक्शन तथा भोजन पैकेट के वितरण का दायित्व सीएमओ द्वारा तैनात किये गये नर्सिंग स्टाॅफ का होगा। मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उचित भोजन सही समय पर उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने मरीजों को समय से भोजन उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त स्टाॅफ की व्यवस्था करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top