Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में आरोग्य सेतु एप ने ट्रेस किया COVID-19 पॉजिटिव मरीज !

Ad

हल्द्वानी: सितारगंज के बाद आरोग्य सेतु एप ने शहर के मोतीनगर, मोटाहल्दू क्षेत्र में कोविड 19 के एक मरीज की लोकेशन देकर हड़कंप मचा दिया है। यह लोकेशन बार-बार बदलती नजर आई और प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय निवासी दुविधा में फंस गए हैं।

खबर के अनुसार बुधवार को मोतीनगर निवासी भुवन बिष्ट ने आरोग्य सेतु एप की मदद से परीक्षण किया। इसी दौरान उन्हें एप के जरिए एक किमी की रेंज में कोविड 19 पॉजिटिव उपयोगकर्ता की जानकारी मिली। यह लोकेशन थोड़ी देर बाद बदलने लगी। वह अपने साथियों तके साथ मोतीनगर स्थित क्वारंटीन सेंटर पहुंचे लेकिन वहां से यह दूरी 500 मीटर दिखाई देने लगी। इसके बाद शाम चार बजे मोटाहल्दू से लोकेशन दो किमी दिखा रहा था। यह भी सामने आया कि हल्द्वानी से 9 से 10 किमी की रेंज में कोविड 19 का मरीज आरोग्य सेतु एप पर है लेकिन यहां से पांच किमी की रेंज में एप में इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। इस मामले को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि क्षेत्र में एक बार फिर से स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। लोगों को यदि कोई संदिग्ध दिखता है तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें।

उत्तराखंड में इस तरह का यह दूसरा मामला है। इससे पहले आरोग्य सेतु एप ने ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में एक मरीज को ट्रेस किया था। फिलहाल उसे भी खोजा जा रहा है और प्रशासन ने ट्रेस हो रहे व्यक्ति की जानकारी मांगी है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top