Nainital-Haldwani News

बेटी कीर्ती ने बढ़ाया हल्द्वानी का मान, नेट में 23 और गेट में प्राप्त की 1369 रैंक

हल्द्वानी: कामयाबी का रास्ता परिश्रम से होते हुए जाता है। ऐसा रास्ता जिसकी स्क्रिप्ट संघर्ष से भरी होती है। संघर्ष ऐसा जो रुकने से ज्यादा आगे बढ़ने पर ध्यान देता है। एक ऐसा ही परिवार हल्द्वानी में है जिसके बच्चों ने अपनी परिश्रम की स्क्रिप्ट से ना सिर्फ शहर का बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

Image may contain: 6 people, people smiling, people standing

बुधवार को हल्द्वानी शहर के लिए बेटी की कामयाबी खुशखबरी लेकर आई।  तीनपानी अशोक विहार निवासी गोविंद सिंह नगरकोटी की पुत्री कीर्ति नगरकोटी ने एक साथ दो प्रतियोगी परीक्षाओं में ऑल इंडिया रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

दिसम्बर 2018 में हुई नेट परीक्षा में कीर्ति को(ऑल इंडिया) में 23वीं रैंक मिली और फरवरी 2019 में आयोजित गेट परीक्षा में उनको देश भर में 1369 रैंक हासिल हुई है। वर्तमान में कीर्ति पन्तनगर विश्वविद्यालय से ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री विषय में पीएचडी कर रही हैं।

कीर्ति ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत के अलावा माता पिता व गुरुजनों के सहयोग को दिया। मध्यम वर्गीय परिवार की रहने वाली कीर्ति नगरकोटी के पिता गोविंद नगरकोटी उत्तराखण्ड परिवहन विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माँ गृहणी हैं। कीर्ती के अलावा उनका भाई विशाल ISRO में साइंटिस्ट है, वहीं छोटा भाई मयूर नगरकोटी सेना में अधिकारी है।

अपने बच्चों की कामयाबी के बारे में पिता गोविंद सिंह नगरकोटी कहते हैं कि हर माता-पिता की तरह हमने अपने बच्चों को पढ़ाई और आगें बढ़ने का माहौल दिया। आज वो कामयाब है इसके पीछे उनकी मेहनत है। युवा अवस्था में बच्चों का ध्यान अपने लक्ष्य की ओर होना जरूरी है। हमने बच्चों पर कभी अपनी इच्छा का भार नहीं डाला। उन्होंने अपने हिसाब अपने सपनों का चयन किया और कामयाबी प्राप्त की।

To Top