
Film Visit | Kainchi Dham | Hanuman Ansh: फिल्म हनुमान अंश में बाबा नींब करौरी का किरदार निभाने वाले अभिनव सत्या सोमवार को फिल्म की टीम के साथ कैंची धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा के दरबार में शीश झुकाया और हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया।
अभिनव सत्या के कैंची धाम पहुंचने की खबर मिलते ही मंदिर के मुख्य गेट के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस और प्रशासन की टीम व्यवस्था संभालने में लगी रही। अभिनव ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनसे मुलाकात की।
फिल्म के कलाकारों और टीम के सदस्यों ने मंदिर में दर्शन करने के बाद मंदिर प्रबंधन से भी बातचीत की। इस दौरान कैंची धाम के आसपास चल रहे विकास कार्यों को लेकर जानकारी ली गई। मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह और अन्य सदस्यों ने फिल्म की टीम का स्वागत किया।
हनुमान अंश फिल्म बाबा नींब करौरी की जीवनी और उनसे जुड़े प्रसंगों पर आधारित है। फिल्म को लेकर दर्शकों में अच्छी रुचि देखने को मिल रही है। करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के चार करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमाने का दावा किया गया है। फिल्म के गीत भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
कैंची धाम में फिल्म की टीम ने हनुमान अंश पार्ट-2 की तैयारियों को लेकर भी मंदिर प्रबंधन के साथ चर्चा की। आश्रम प्रबंधन ने फिल्म की सराहना करते हुए इसके अगले भाग के निर्माण के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं।
अभिनव सत्या के पहुंचने के दौरान कैंची धाम में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। भवाली और कैंची पुलिस की टीम भी मौके पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रही।



