Nainital-Haldwani News

महाकुंभ में बिछड़े पिता को 2 साल बाद मिला परिवार, बेटे ने गले लगाकर बहाए आंसू

Ad

Haridwar | Father-Son Reunion | Uttarakhand Police | Haldwani : प्रयागराज महाकुंभ में करीब दो साल पहले परिवार से बिछड़े बिहार के एक बुजुर्ग को आखिरकार उनके अपनों से मिला दिया गया। हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में मिले 65 वर्षीय बुजुर्ग की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क किया। पिता के मिलने की खबर सुनते ही CISF में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात उनका बेटा अंकित भावुक हो गया। हरिद्वार पहुंचकर जैसे ही उसने पिता को सामने देखा…उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के मुताबिक हरिद्वार पुलिस का सत्यापन अभियान चल रहा था। इसी दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम को मजार परिसर में जूते रखने वाले स्टॉल के पास एक बुजुर्ग दिखाई दिए। वह वहां आने वाले लोगों से खाने-पीने की चीजें और आर्थिक मदद मांग रहे थे।

पुलिस टीम ने उनसे बातचीत की तो बुजुर्ग ने अपना संबंध बिहार के औरंगाबाद जिले से बताया। पूछताछ में पता चला कि वह लंबे समय से अपने परिवार से बिछड़े हुए हैं।

बुजुर्ग ने पुलिस को कहा कि करीब दो साल पहले वह अपने परिवार और गांव के लोगों के साथ प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गए थे। मेले में उमड़ी भीड़ के बीच वह अपने परिजनों से अलग हो गए। इसके बाद काफी समय तक अलग-अलग जगहों पर भटकते रहे, लेकिन परिवार तक नहीं पहुंच सके।

दूसरी तरफ परिजन भी लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। काफी कोशिशों के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया था।

बुजुर्ग से मिली जानकारी के आधार पर हरिद्वार पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस की मदद से परिवार का पता लगाया गया। कई प्रयासों के बाद बुजुर्ग के बेटे अंकित से संपर्क हो सका।

पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए पिता और बेटे की बात कराई। स्क्रीन पर पिता को देखते ही अंकित भावुक हो गया। उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि करीब दो साल से लापता पिता सुरक्षित मिल गए हैं।

पिता के मिलने की खबर मिलते ही अंकित हरिद्वार पहुंच गया। कलियर में जब दोनों आमने-सामने आए तो भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। बेटे ने पिता को गले लगा लिया और फूट-फूटकर रोने लगा। करीब दो साल बाद परिवार के मिलने की खुशी वहां मौजूद लोगों के चेहरों पर भी दिखाई दी।

हरिद्वार पुलिस ने जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुजुर्ग को उनके बेटे और परिचितों के सुपुर्द कर दिया।

अंकित ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए बताया कि पिता के लापता होने के बाद से पूरा परिवार उनकी तलाश में जुटा था। ड्यूटी के दौरान जब वह किसी पोस्ट पर अकेले तैनात रहते थे…तब भी पिता की चिंता उन्हें सताती रहती थी। वह अक्सर सोचते थे कि उनके पिता कहां होंगे और किस हाल में होंगे।

अंकित ने हरिद्वार पुलिस के मुकेश नाम के अधिकारी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिशों से न केवल उन्हें पिता वापस मिले…बल्कि उनकी मां, परिवार और गांव के लोगों को भी बड़ी खुशी मिली है।

हरिद्वार पुलिस और बिहार पुलिस के आपसी सहयोग से करीब दो साल से बिछड़ा परिवार फिर एक हो गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top