Election Talks

लालकुआं में हरदा का गरदा, भाजपा के बड़े महारथियों को दिलाई कांग्रेस की सदस्यता

लालकुआं: एक दूसरे के दलों में सेंधमारी का सिलसिला अभी तक रुका नहीं है। प्रचार प्रसार के आखिरी दिन तक राजनीतिक दल अपना कुनबा बढ़ाने का जुगत में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार लालकुआं से मास्टरस्ट्रोक खेल रहे हैं। इस बार उन्होंने फिर अपने पैंतरे से विपक्षियों को चौंका दिया है। हरीश रावत ने बीते दिन भी भाजपा को बैकफुट पर धकेलते हुए उनके कई नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

जी हां, सेंधमारी का ये क्रम सुबह से ही शुरू हो गया था। आपको बता दें कि बीती सुबह मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भाजपा के लिए वोट मांगने आए थे। हरीश रावत ने ऐसा स्ट्रोक लगाया कि शिवराज सिंह के कार्यक्रम का संचालन कर रहे भाजपा नेता अनूप भाटिया ही अपने भाई और भतीजों को लेकर भाजपा छोड़ हरीश रावत के पाले में आ गए। इससे भी बड़ा चौंकाने वाला काम शाम को हुआ।

हरीश रावत ने बिंदुखत्ता में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री पूर्व महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष सीमा रावत और लालकुआं मंडल की महामंत्री चन्द्रा दसौनी समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इसके बाद उन्होंने लालकुआं में भी 8 दर्जन से अधिक भाजपाइयों को कांग्रेस पार्टी में शामिल किया। हरीश रावत ने हल्दूचौड़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चंदू खोलिया समेत कई व्यापारियों को भी पार्टी में शामिल किया।

इसके अलावा कुछ दिनों पहले पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नगर के व्यापारी जगदीश प्रसाद अग्रवाल का बेटा और बहू भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। साथ ही इस अच्छी खासी संख्या में वैश्य समाज के लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लालकुआं से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।

To Top