Uttarakhand News

सीएचसी चौखुटिया में व्यवस्थाओं का विस्तार, मुख्य विकास अधिकारी ने दिया अपडेट

Ad

चौखुटिया: क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य आंदोलन के मद्देनज़र जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सीएचसी चौखुटिया में व्यवस्थाओं का विस्तार किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में 7 एमबीबीएस डॉक्टर, एक एमओआईसी और एक डेंटल सर्जन समेत कुल 9 चिकित्सक कार्यरत हैं। सचिव स्वास्थ्य के निर्देशानुसार विशेषज्ञ सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है — अब गाइनी एवं बाल रोग विशेषज्ञ सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार) को तैनात रहेंगे।

सीएचसी चौखुटिया को 30 बेड से बढ़ाकर 60 बेड किए जाने का शासनादेश जारी हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “जल्द ही ये सभी सुधार धरातल पर उतरेंगे और आमजन को इनका सीधा लाभ मिलेगा। सरकार और जिला प्रशासन पूरी निष्ठा से जनहित में कार्य कर रहे हैं।”

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर सेवाएं देने में जुटा है। अक्टूबर माह में 1689 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से मात्र 13 केस (1% से भी कम) रेफर किए गए। अप्रैल से अब तक कुल 20615 मरीजों का उपचार हुआ, जिनमें केवल 117 (0.5%) को रेफर करना पड़ा।

सीएमओ ने कहा कि “कई बार दूरस्थ क्षेत्रों से गंभीर अवस्था में मरीज लाए जाते हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजना आवश्यक होता है। यह मरीजों के हित में ही है।”

शासन ने चौखुटिया में स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने के लिए कई नई सुविधाएं दी हैं —

10 नए हॉस्पिटल बेड की व्यवस्था

नई ईसीजी मशीन की आपूर्ति

एसडीएच के रूप में 50 बेड अस्पताल का शासनादेश जारी

दवाओं एवं आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता

एम्स ऋषिकेश से टेली कंसल्टेशन सुविधा के लिए पत्राचार

चंदन डायग्नोस्टिक के माध्यम से निःशुल्क जांचें जारी

एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध

नई 108 एंबुलेंस और विभागीय वाहन तैनात

डिजिटल एक्स-रे मशीन जल्द उपलब्ध होगी

ADVERTISEMENTS Ad
To Top