
MDDA | Illegal Construction | Dehradun : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण, अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे विकास कार्यों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पछवादून क्षेत्र में विशेष क्षेत्रीय कैंप आयोजित किया गया…जिसमें अवैध निर्माण से जुड़ी शिकायतों और उनकी कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों से अब तक प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। साथ ही विभिन्न निर्माणाधीन भवनों और प्लॉटिंग परियोजनाओं के स्वीकृत मानचित्रों की भी जांच की गई।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य केवल स्वीकृत मानचित्रों और एमडीडीए के निर्धारित नियमों के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए का उद्देश्य प्राधिकरण क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना, अवैध निर्माण पर रोक लगाना और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करना है। इसके लिए प्राधिकरण लगातार निरीक्षण और समीक्षा अभियान चला रहा है।






