
Kainchi Dham Mela | Traffic Advisory | Uttarakhand News : कैंची धाम स्थापना दिवस और मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने 13 जून से 16 जून तक विशेष ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विभिन्न राज्यों, जनपदों और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि मेले के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में निजी वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी और अधिकांश श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था
दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी और गौलापार क्षेत्र की पार्किंगों तक भेजा जाएगा। यहां से श्रद्धालु शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे।
रेल और रोडवेज बस से आने वाले यात्रियों के लिए काठगोदाम रेलवे स्टेशन और हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से भी विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी।
नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों से आने वालों के लिए प्लान
रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने होंगे। भीमताल विकास भवन पार्किंग और भवाली सैनिटोरियम पार्किंग को प्रमुख पार्किंग केंद्र बनाया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए निर्देश
अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
13 जून से 16 जून तक अधिकांश समय भारी माल वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन निर्धारित समय में ही आवाजाही कर सकेंगे।
केएमओयू और रोडवेज बसों के लिए विशेष व्यवस्था
13 जून को बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी…जबकि 14 जून से 16 जून तक कई मार्गों पर बसों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा ताकि कैंची धाम क्षेत्र में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
दुपहिया वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक टैक्सी बाइक और अन्य दुपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शटल सेवा के प्रमुख केंद्र
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली, भीमताल, खैरना, काठगोदाम, हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन, रेलवे स्टेशन और गौलापार आईएसबीटी से लगातार शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक प्लान का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और शटल सेवा का लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इससे यातायात सुचारु रहेगा और श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुविधा मिलेगी।
कैंची धाम मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।






