
Mohammed Siraj : Imran Masood : Team India : न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने टीम चयन पर सवाल उठाते हुए इसे भेदभाव से जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में शामिल नहीं किया गया और इसकी वजह उनका नाम सिराज होना हो सकता है। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट और राजनीति दोनों क्षेत्रों में चर्चा तेज हो गई है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो और इसके बावजूद उसे टीम में जगह न मिले तो सवाल उठना स्वाभाविक है। मसूद ने तंज कसते हुए कहा कि उनका नाम सिराज है…शायद इसी वजह से उन्हें मौका नहीं दिया गया। उन्होंने इसे सीधे तौर पर भेदभाव का मामला बताया।ग
मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी सवाल उठाए। उन्होंने सिराज के अनुभव, आक्रामक गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता का जिक्र किया। शास्त्री का कहना था कि अगर चयन का आधार तेज रफ्तार, कौशल और गेंद को स्विंग कराने की क्षमता थी…तो 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले सिराज को बाहर रखने पर सवाल उठना लाजिमी है।
पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि सिराज ने कई मौकों पर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और उनका जोश हमेशा देखने लायक रहा है। गावस्कर के मुताबिक सिराज को टीम में बेहतर मौका मिलना चाहिए था।
मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर अब क्रिकेट विशेषज्ञों के साथ राजनीतिक गलियारों में भी बहस शुरू हो गई है। वहीं इमरान मसूद के बयान ने इस चयन विवाद को नया राजनीतिक रंग दे दिया है।





