Dehradun News

इंडियन आइडल में चमका उत्तराखंड का नाम, पवनदीप के बाद ऋषि सिंह बने विनर

Ad

देहरादून: भारत के सबसे प्रमुख रियलिटी शो इंडियन आइडल 13 के विजेता की घोषणा हो गई है और विजेता के नाम से उत्तराखंड में भी लोग बेहद खुश हैं। खिताब पर कब्जा करने वाले ऋषि सिंह रहने वाले भले ही अयोध्या के हों, मगर उत्तराखंड से उनका नाता है। इस हिसाब से अगर देखा जाए तो 12वें सीजन में उत्तराखंड के पवनदीप राजन के बाद 13वां सीजन भी उस व्यक्ति ने जीता है, जिसका उत्तराखंड से नाता है।

ADVERTISEMENTS Ad

पहले आपको बता दें कि ऋषि सिंह के बाद देबस्मिता रॉय को दूसरा और चिराग कोतवाल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इनके अलावा ग्रैंड फिनाले शो में जगह बनाने वालों में सोनाक्षी कर, शिवम सिंह और बिदिप्त चक्रवर्ती का भी नाम भी शामिल है। इसमें कोई शक नहीं कि हर बार की भांति इस बार भी मुकाबला टक्कर का था मगर ऋषि सिंह जीतने में कामयाब हुए हैं। ट्रॉफी के साथ उन्हें 25 लाख रुपए, एक कार और सोनी कंपनी के साथ रिकॉर्डिंग का कांट्रैक्ट मिला है।

ऋषि सिंह वो प्रतिभागी रहे, जिन्हें ऑडिशन राउंड जजों का प्यार मिला। शो पर आने वाला हर अतिथि उनकी गायकी का कायल हो गया। ऋषि सिंह के निजी जीवन की बात करें तो वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले हैं और उन्हें हमेशा से ही गाने लिखने और सिंगिंग का शौक रहा है। ऋषि सिंह ने शो में चौंकाने वाला खुलासा भी किया था जब उन्होंने बताया था कि वह अपने पैरेंट्स की असली संतान नहीं हैं, बल्कि उन्होंने उन्हें गोद लिया था।

हालांकि, ऋषि सिंह अपने माता पिता भगवान मानते हैं और कहते हैं कि उनके बिना वो कभी आगे नहीं बढ़ पाते। उत्तराखंड से उनके नाते की बात करें तो आपको बता दें कि ऋषि सिंह अभी देहरादून में अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। ऋषि की शुरुआती शिक्षा कैंब्रियन स्कूल से हुई है। शिक्षा हासिल करने के बाद वह फिलहाल देहरादून के हिमगिरी जी विश्वविद्यालय से आगे की पढ़ाई कर रहे हैं। ऋषि सिंह का कहना है कि यह ट्रॉफी उनका सपना था। उन्होंने कहा वह जीवन में एक बार जज बनकर शो पर वापिस आना चाहते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top