National News

यूक्रेन में भारत के एक और छात्र की मौत, मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था 23 वर्षीय चंदन

Ad

नई दिल्ली: रूस के हमले के बाद यूक्रेन के हालात खराब होते जा रहे हैं। इस बीच दूसरे भारतीय की मौत की खबर सामने आई है। मृतक युवक का नाम चंदन जिंदल है जो पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है। 23 वर्षीय चंदन की मौत बुधवार को हुई है लेकिन चंदन की मौत किसी हमले में नहीं बल्कि बीमारी से हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad

चंदन को यूक्रेन की विनित्सिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। वह दिमागी स्ट्रोक के चलते आईसीयू में एडमिट था और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चंदन जिंदल विनित्सिया नेशनल पाइरोगोव, मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। चंदन के पिता ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर बेटे के शव को भारत लाए जाने की मांग की है।

यूक्रेन में यह लगातार दूसरे भारतीय की मौत है। इससे पहले मंगलवार को कर्नाटक के रहने वाले नवीन की खारकीव में गोलीबारी के दौरान मौत हो गई थी।  नवीन के साथियों ने बताया कि वह कुछ सामान लेने के लिए सुपरमार्केट गए थे। इसी दौरान हुए एक हमले में उनकी मौत हो गई थी। केंद्र सरकार की ओर से कर्नाटक के नवीन को शव को भी जल्द से जल्द भारत लाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यूक्रेन ने अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है। ऐसे में वहां किसी भी देश के विमान की लैंडिंग नहीं हो सकती है। जानकारी के अनुसार अभी तक 10,000 से ज्यादा भारतीय यूक्रेन से निकलकर स्वदेश आ चुके हैं। हालांकि अब भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जो यूक्रेन में ही फंसे हैं। खारकीव, कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों में छात्र फंसे हैं। भारत से यूक्रेन मेडिकल की पढ़ाई के छात्र जाते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top